Xpress News UP

निष्पक्ष पत्रकारिता को समर्पित

Breaking News

09 December, 2025

जहरीले कफ़ सीरप कांड पर यूपी पुलिस की प्रेस कॉन्फ्रेंस -

लखनऊ :  विशेष संवाददाता

उत्तर प्रदेश के डीजीपी राजीव कृष्ण ने लखनऊ में कफ सिरप से जुड़े अवैध कारोबार के मामले पर प्रेस वार्ता कर महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। उन्होंने बताया कि राज्य पुलिस ने FSDA (फूड एंड ड्रग्स एडमिनिस्ट्रेशन) के साथ संयुक्त अभियान चलाकर ड्रग माफिया के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार किया है।
डीजीपी के अनुसार, जांच के दौरान कई राज्यों से इस रैकेट के तार जुड़े पाए गए। कोडीन युक्त कफ सिरप से संबंधित अब तक 128 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। कार्रवाई में सोनभद्र में एक ट्रक और गाजियाबाद में चार ट्रक अवैध कफ सिरप जब्त किया गया है।
अब तक सोनभद्र, रांची और गाजियाबाद से गिरफ्तारियां की जा चुकी हैं। डीजीपी ने बताया कि गिरफ़्तारियों में शामिल पांच प्रमुख स्टॉकिस्टों में से तीन को पकड़ा जा चुका है और कुल 32 आरोपी अब तक हिरासत में लिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर भी जांच की गई, हालांकि मध्य प्रदेश में उत्पादित सिरप का इस रैकेट से कोई प्रत्यक्ष संबंध नहीं पाया गया।
मामले में मुख्य आरोपियों में सौरभ त्यागी, भोला जायसवाल और विभोर राणा को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा 40 जिलों के थोक विक्रेताओं की व्यापक जांच की जा रही है।
डीजीपी ने स्पष्ट किया कि अवैध ड्रग माफिया के खिलाफ अभियान सख्ती से जारी रहेगा और इस तरह के किसी भी नेटवर्क को बख्शा नहीं जाएगा।