Xpress News UP

निष्पक्ष पत्रकारिता को समर्पित

Breaking News

04 January, 2026

04 January

लखनऊ के अमन गुप्ता बने सौर ऊर्जा क्षेत्र की नई पहचान, ₹10 लाख से शुरू कर ₹50 करोड़ की वैल्यूएशन तक का सफर


लखनऊ :  सौर ऊर्जा के क्षेत्र में उत्तर भारत में तेजी से उभर रही कंपनी स्मार्ट सोलर टेक की सफलता की कहानी प्रेरणादायक है। लखनऊ निवासी अमन गुप्ता ने वर्ष 2018 में अपनी पत्नी दीप्ति चौहान के साथ मिलकर इस कंपनी की नींव रखी थी। उस समय अमन एक सरकारी विभाग में कार्यरत थे, लेकिन उन्होंने सौर ऊर्जा के बढ़ते भविष्य को पहचानते हुए नौकरी छोड़ उद्यमिता की राह चुनी।

महज ₹10 लाख के शुरुआती निवेश से शुरू हुई स्मार्ट सोलर टेक आज ₹50 करोड़ से अधिक की वैल्यूएशन हासिल कर चुकी है। कंपनी उत्तर भारत की चौथी सबसे बड़ी सोलर सर्विस प्रोवाइडर बन गई है। अब तक कंपनी द्वारा 8,000 से अधिक सोलर पैनल इंस्टॉल किए जा चुके हैं, जिनमें से करीब 4,000 इंस्टॉलेशन अकेले लखनऊ में हुए हैं।

अमन गुप्ता की कंपनी अब एक और बड़ी पहल की ओर बढ़ रही है। स्मार्ट सोलर टेक देश की पहली ऐसी सोलर फर्म बनने जा रही है, जो ग्राहकों की सुविधा के लिए एक समर्पित मोबाइल ऐप लॉन्च करेगी। इस ऐप के जरिए ग्राहक सोलर सिस्टम से जुड़ी सेवाओं, मॉनिटरिंग और सपोर्ट को आसानी से एक्सेस कर सकेंगे।

वर्तमान में कंपनी में 75 से अधिक कर्मचारी कार्यरत हैं। स्मार्ट सोलर टेक उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान में सौर ऊर्जा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही है। अमन गुप्ता न केवल स्वच्छ और हरित ऊर्जा को बढ़ावा दे रहे हैं, बल्कि रोजगार सृजन के साथ-साथ ऊर्जा क्षेत्र में एक “क्रांतिकारी” बदलाव भी ला रहे हैं।


Edited by Hari Bhan Yadav

01 January, 2026

01 January

पिंक सिटी कॉलोनी में जलभराव से जनजीवन अस्त-व्यस्त, अवैध डेयरियों के खिलाफ लोगों का प्रदर्शन


लखनऊ : बुद्धेश्वर स्थित पिंक सिटी कॉलोनी में जलभराव की गंभीर समस्या से परेशान स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने मंगलवार को प्रदर्शन कर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित डेयरियों द्वारा गोबर और अपशिष्ट सीधे नालों में बहाया जा रहा है, जिससे नाले पूरी तरह चोक हो गए हैं और गंदा पानी सड़कों पर फैल रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार जलभराव और गंदगी के कारण संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। वहीं, हालात बिगड़ने से कई व्यापारियों को अपनी दुकानें बंद करने पर मजबूर होना पड़ा है, जिससे उनके रोज़गार पर संकट उत्पन्न हो गया है।

प्रदर्शनकारियों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार शिकायतें दर्ज कराई गईं, लेकिन नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालते हुए कार्रवाई से बचते रहे हैं। उनका आरोप है कि संबंधित विभागों की उदासीनता के कारण समस्या दिन-ब-दिन गंभीर होती जा रही है।

लोगों ने मांग की कि अवैध डेयरियों पर तत्काल कार्रवाई कर नालों की समुचित सफाई कराई जाए और जलभराव से स्थायी राहत दी जाए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे अपना आंदोलन और तेज करेंगे।

Edited by Hari Bhan Yadav
01 January

शाहजहांपुर में लोकबंधु राजनारायण जी की 39वीं पुण्यतिथि मनाई गई


शाहजहांपुर :  समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष माननीय अखिलेश यादव के निर्देश पर आज 31 दिसंबर 2025 को लोकबंधु राजनारायण जी की 39वीं पुण्यतिथि जनपद शाहजहांपुर के बिजलीपुरा स्थित समाजवादी पार्टी जिला कार्यालय में श्रद्धापूर्वक मनाई गई।

इस अवसर पर पार्टी के नेताओं, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने लोकबंधु राजनारायण जी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के तहत एक गोष्ठी का आयोजन सपा जिला अध्यक्ष एवं पूर्व चेयरमैन श्री तनवीर खान की अध्यक्षता में किया गया, जिसमें लोकबंधु राजनारायण जी के सामाजिक व राजनीतिक योगदान पर विस्तार से चर्चा की गई।

गोष्ठी में पूर्व मंत्री अवधेश कुमार वर्मा, सपा प्रदेश सचिव रामसूरत यादव एवं विजय सिंह, सपा अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश प्रमुख महासचिव सैयद रिजवान अहमद, नगर विधानसभा अध्यक्ष अतिउल्ला सिद्दीकी, महानगर अध्यक्ष चौधरी रामकुमार भोजवाल, जिला उपाध्यक्ष अवधेश कुमार पाल, अल्पसंख्यक सभा के जिला अध्यक्ष हफीज अंसारी, महिला सभा की जिला अध्यक्ष किरन कठेरिया सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

इसके अतिरिक्त सपा अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश सचिव सरताज खान, पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव मोनू कुरैशी, संतोष कुमार पाल, महिला सभा महानगर अध्यक्ष जफरीन, पूर्व सभासद दुर्गेश कुमार गुप्ता, सुखपाल सिंह वर्मा, आशिक अली, राकेश विश्वकर्मा, मोहम्मद रकीम, मनोज यादव, बहादुर सिंह यादव, श्लोक मौर्य, सौरभ कुमार भास्कर एडवोकेट, यश मौर्य, विदेशी यादव, सुनील यादव, मोहम्मद बिलाल, मोहसिन खान, सचिन भोजवाल, मोहम्मद जुबेर खान, रामनिवास यादव, रिजवान खान, अमन खान, आरिफ खान, रानू खान सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने लोकबंधु राजनारायण जी के आदर्शों को आत्मसात करने और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

Edited by Hari Bhan Yadav

27 December, 2025

27 December

यूपी में SIR को लेकर बड़ी खबर, जानिए कितने वोटर हैं फाइनल लिस्ट में


लखनऊ | प्रदेश की मतदाता सूची में व्यापक संशोधन
प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर बदलाव होने जा रहे हैं। SIR फॉर्म जमा करने की समय-सीमा समाप्त होने के बाद निर्वाचन आयोग ने अहम आंकड़े साझा किए हैं।
संशोधित प्रक्रिया के बाद प्रदेश की मतदाता सूची में कुल 12.55 करोड़ मतदाता दर्ज होने की संभावना है। आयोग के अनुसार 2.89 करोड़ मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जाएंगे।
इस पुनरीक्षण के दौरान 1.13 करोड़ मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए, जिनका 2003 की मतदाता सूची से मिलान नहीं हो पाया। वहीं, कुल 91 प्रतिशत मतदाताओं का मिलान 2003 की सूची से सफलतापूर्वक हो चुका है। जिन 1.13 करोड़ मतदाताओं का मिलान नहीं हुआ है, उनसे आवश्यक दस्तावेज मांगे गए हैं।
निर्वाचन आयोग ने बताया कि
46 लाख मृत मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं।
23.70 लाख डुप्लीकेट मतदाता चिन्हित किए गए हैं।
83.73 लाख मतदाता गायब पाए गए हैं, जिनका सत्यापन किया जा रहा है।
आयोग के अनुसार 31 दिसंबर को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी की जाएगी। इसके बाद नागरिक 30 जनवरी तक आपत्तियां और दावे दर्ज करा सकेंगे। सभी आपत्तियों के निस्तारण के बाद 28 फरवरी को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

22 December, 2025

22 December

रामपुर में रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ी गई महिला लेखपाल, एंटी करप्शन टीम ने भेजा जेल


रामपुर (उत्तर प्रदेश) :  जिले के टांडा थाना क्षेत्र में तैनात महिला लेखपाल रिचा सक्सेना को एंटी करप्शन टीम ने 5,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद आरोपी लेखपाल को जेल भेज दिया गया है।मिली जानकारी के अनुसार, बैजनी गांव निवासी किसान इनायत अली ने एंटी करप्शन हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्होंने अपनी जमीन की पैमाइश के लिए आवेदन दिया था। आरोप है कि मौके पर पहुंची लेखपाल रिचा सक्सेना ने पैमाइश के बदले 5,000 रुपये की रिश्वत मांगी। शिकायतकर्ता के मुताबिक, पैसे देने से इनकार करने पर लेखपाल ने मापी कार्य रोक दिया और बाद में अपने आवास पर रिश्वत लाने के लिए कहा।शिकायत की पुष्टि के लिए एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाया। टीम ने शिकायतकर्ता को केमिकल लगे नोट दिए और लेखपाल के घर भेजा। जैसे ही इनायत अली ने पैसे सौंपे, टीम ने मौके पर छापा मारकर लेखपाल को पकड़ लिया।गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया। प्रकरण की आगे की जांच संबंधित विभाग द्वारा की जा रही है।

 Edited by Hari Bhan Yadav

20 December, 2025

20 December

मधुलिका यादव ने रचा सफलता का इतिहास, राजस्थान न्यायिक सेवा में शीर्ष स्थान प्राप्त किया


राजस्थान न्यायिक सेवा (RJS) परीक्षा के इस वर्ष घोषित परिणामों में मधुलिका यादव का नाम विशेष रूप से चर्चा में रहा है। मधुलिका ने 205.5 अंकों के साथ प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर एक उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है।

यह सफलता इसलिए भी प्रेरणादायी मानी जा रही है क्योंकि अपने पहले प्रयास में मधुलिका प्रारंभिक परीक्षा भी उत्तीर्ण नहीं कर सकी थीं। हालांकि, उन्होंने असफलता को निराशा का कारण नहीं बनने दिया। आत्मविश्लेषण, कड़ी मेहनत और सुनियोजित तैयारी के साथ उन्होंने दोबारा प्रयास किया और दूसरे ही प्रयास में शीर्ष स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

मधुलिका यादव के पिता श्री चंद्रशेखर यादव उत्तर प्रदेश न्यायिक सेवा में न्यायाधीश रह चुके हैं। पारिवारिक पृष्ठभूमि और पिता से मिली प्रेरणा ने मधुलिका को न्यायिक सेवा की ओर अग्रसर किया, जिसे उन्होंने अपने समर्पण और परिश्रम से साकार कर दिखाया।

आज मधुलिका यादव उन हजारों अभ्यर्थियों के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं जो प्रारंभिक असफलताओं से हतोत्साहित हो जाते हैं। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि निरंतर प्रयास, धैर्य और आत्मविश्वास के बल पर किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।

मधुलिका यादव को इस ऐतिहासिक सफलता के लिए हार्दिक बधाई तथा उनके उज्ज्वल न्यायिक भविष्य के लिए शुभकामनाएँ।

18 December, 2025

18 December

रुदौली विधानसभा को विकास की दोहरी सौगात मिली


Ayodhya : रुदौली विधानसभा क्षेत्र में विकास को नई गति देते हुए आज दो प्रमुख संपर्क मार्गों के निर्माण कार्य का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया गया। इन सड़कों के निर्माण से वर्षों से जर्जर मार्गों के कारण हो रही समस्याओं से ग्रामीणों, किसानों, व्यापारियों तथा स्कूली बच्चों को बड़ी राहत मिलेगी और आवागमन सुगम होगा।

इस अवसर पर विधायक श्री रामचंद्र यादव ने कहा कि सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारशिला होती हैं। रुदौली विधानसभा के समग्र विकास के लिए निरंतर और योजनाबद्ध ढंग से कार्य किया जा रहा है, ताकि आम नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

नए संपर्क मार्गों के निर्माण से क्षेत्र में मजबूत कनेक्टिविटी सुनिश्चित होगी, व्यापार और कृषि गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा रुदौली विकास के पथ पर और तेज़ी से आगे बढ़ेगा ।

Edited by Hari Bhan Yadav