लखनऊ: राजधानी में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे का खतरा बरकरार है। गुरुवार को ड्यूटी से लौट रही एक महिला सिपाही का चेहरा विधानसभा के सामने मांझे से कट गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद उनकी सहयोगी महिला सिपाही ने तत्काल सहायता पहुंचाई और घायल सिपाही को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। हजरतगंज कोतवाल विक्रम सिंह ने तुरंत पुलिस टीम को सहायता के लिए भेजा।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल महिला कांस्टेबल का उपचार कराया और उन्हें सकुशल रवाना किया।
हालांकि, राजधानी में चाइनीज मांझे की बिक्री पर प्रतिबंध है, फिर भी यह खुलेआम बेचा जा रहा है। पहले भी कई लोग इस घातक मांझे की चपेट में आकर घायल हो चुके हैं। प्रशासन के बार-बार के प्रतिबंधों के बावजूद, इसके अवैध कारोबार पर पूरी तरह रोक नहीं लग पाई है।